बरेली। इज्जतनगर रेलवे वर्कशॉप में कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (PRKS) ने आवाज बुलंद की। संघ ने वर्कशॉप की सुविधाओं में सुधार के लिए मुख्य कार्यशाला अभियंता (CWE) पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा। वहीं, शुक्रवार को यांत्रिक कारखाना कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर बोनस की सीमा बढ़ाने और आठवां वेतन आयोग जल्द लागू करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में यांत्रिक कारखाने के शेड से बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या उठाई गई। संघ के मुताबिक, इससे कर्मचारियों को काम करने में परेशानी होती है और मशीनरी व कार्य सामग्री खराब होने का खतरा बना रहता है। कर्मचारियों ने शेडों की जल्द मरम्मत और जरूरी रखरखाव कराने की मांग की। वहीं वेल्डर कर्मचारियों को ड्रेस अलाउंस का उचित लाभ देने और वेल्डिंग के लिए जरूरी सुरक्षा वस्त्र व उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। संघ ने कहा कि जोखिम भरे काम के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा के जरूरी साधन मिलने चाहिए।
शौचालय और जलभराव की समस्या
शौचालयों की खराब स्थिति, साफ-सफाई और हैंडवॉश की कमी का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल रहा। इसके साथ ही बारिश में कारखाने के मुख्य द्वार पर जलभराव से कर्मचारियों को आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए उचित जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई। शुक्रवार को हुए धरना-प्रदर्शन में कर्मचारियों ने उत्पादकता से जुड़े बोनस (PLB) की सीमा सातवें वेतन आयोग के अनुरूप बढ़ाने और आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना था कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए बोनस की सीमा में उचित बढ़ोतरी जरूरी है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।
कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी न हो
धरने का नेतृत्व कर रहे मंडल मंत्री पंकज दत्त भट्ट ने कहा कि रेलवे कर्मचारी देश की रेल व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में अहम भूमिका निभाते हैं और उनकी जायज मांगों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि संघ कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगा। धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के दौरान अजय कुमार, महरूम खान, श्री प्रकाश, सचिन कुमार, सुदर्शन शर्मा, हमीद, अनिल गौतम, रितेश्वर सिंह, अनिल पुंडिल, बन्नी सिंह, अर्जुन सिंह, ब्रजेश कुमार, नरंजन, बृजेश, राशिद खान, सैयद हामिद और अन्य कर्मचारी व संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।