बरेली। गाजियाबाद से बरेली के लिए भेजी गई शराब और बीयर की खेप से 17 पेटियां गायब होने का मामला सामने आया है। मुरादाबाद में प्रदेश के बड़े कारोबारी राकेश आहूजा के बेटे युवराज आहूजा के प्रतिनिधि की ओर से इस मामले में इज्जतनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोप है कि गाजियाबाद से भेजी गई शराब और बीयर की पेटियां बरेली के गोदाम पहुंचने पर कम मिलीं। आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में माल उतरवाने और गिनती कराने पर इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद से बरेली भेजी गई थीं शराब और बीयर की 110 पेटियां
युवराज आहूजा के प्रतिनिधि सुदेश दुबे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गाजियाबाद स्थित बकार्डी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से शराब और बीयर की 110 पेटियां बरेली की नवीन मंडी के पास स्थित गोदाम के लिए भेजी गई थीं। इनमें 30 पेटियां नरेंद्र चड्ढा वेयरहाउस के लिए भेजी गई थीं। वाहन के गोदाम पहुंचने पर माल की गिनती कराई गई तो 17 पेटियां कम निकलीं।
आबकारी निरीक्षक के सामने खुला खेल, वीडियोग्राफी में सामने आई गड़बड़ी
गोदाम पर शराब और बीयर से लदा वाहन पहुंचने के बाद आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में पेटियां उतरवाई गईं। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। गिनती में सामने आया कि 11 पेटियां युवराज आहूजा की और सात पेटियां नरेंद्र चड्ढा की कम थीं। पेटियां कम मिलने पर वाहन चालक से जवाब मांगा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
कारोबारी के बेटे के प्रतिनिधि ने दर्ज कराई FIR, पुलिस जांच में जुटी
शराब और बीयर की पेटियां गायब मिलने के बाद प्रदेश के बड़े कारोबारी राकेश आहूजा के बेटे युवराज आहूजा के प्रतिनिधि सुदेश दुबे ने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गाजियाबाद से बरेली के बीच शराब और बीयर की पेटियां आखिर कहां गायब हुईं और इसके पीछे किसकी जिम्मेदारी है।