up newsअतिक्रमण हटाती निगम की टीम

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे की चर्चा शुरू होते ही शहर में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। नगर निगम और बीडीए ने तैयारियों का मोर्चा संभाल लिया है। एक ओर प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है तो दूसरी ओर अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर भी मैदान में उतर गया है। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए विकास परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी गई है।

मंगलवार को नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देशन में अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, एक्सईएन राजीव कुमार राठी और अतिक्रमण दस्ता पूरे दिन शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते रहे। अधिकारियों ने स्टेडियम रोड, डेलापीर, सौ फुटा रोड, पीलीभीत रोड और सर्किट हाउस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीडीपुरम और डेलापीर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

0

अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि डीडीपुरम और डेलापीर क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 13 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम की टीम संभावित वीवीआईपी रूट पर विशेष सफाई, सड़क किनारे कूड़ा हटाने, नालियों की सफाई और सौंदर्यीकरण के कार्यों में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे की आधिकारिक सूचना कभी भी मिल सकती है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त की जा रही हैं।

रामायण वाटिका और टाउनशिप परियोजनाओं पर फोकस

उधर बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने रामायण वाटिका, प्रस्तावित दोनों टाउनशिप परियोजनाओं समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बीडीए की ओर से संभावित लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। डॉ. मनिकंडन ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *