बारां। राजस्थान के बारां जिले में अचानक बदले मौसम ने समरानियां क्षेत्र के खैराई गांव में भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश के बीच आए चक्रवाती तूफान और आंधी ने कुछ ही मिनटों में गांव की तस्वीर बदल दी। हवा इतनी तेज थी कि मकानों और मवेशियों के बाड़ों पर पड़े टीन-टप्पर तिनकों की तरह उड़ गए। अचानक आए तूफान से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

तूफान की चपेट में कई मकान और पशु बाड़े आए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ परिवारों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इतनी तबाही के बावजूद किसी व्यक्ति या मवेशी की जान जाने की सूचना नहीं है।

जड़ से उखड़े बिजली के पोल, तार टूटकर गिरे

तूफान का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर दिखाई दिया। तेज हवाओं के कारण गांव और आसपास के मार्गों पर लगे कई बिजली के पोल उखड़कर गिर गए। हाईटेंशन लाइन के तार भी टूटकर जमीन पर आ गिरे। बिजली का ढांचा क्षतिग्रस्त होने से खैराई गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। तूफान थमने के बाद ग्रामीणों ने नुकसान का जायजा लिया तो कई स्थानों पर टीनशेड और अन्य सामान बिखरा मिला। बिजली के पोल और तार टूटने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा, नुकसान के सर्वे की मांग

घटना के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन परिवारों के मकान और अन्य संपत्ति तूफान की चपेट में आई है, उन्हें नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही बिजली विभाग से टूटे पोल और तारों की जल्द मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है।

राजस्थान में अभी और बरसेंगे बादल

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी भारत के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इसका असर आने वाले दिनों में भी दिखाई देगा। 8 और 9 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। 9 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

10 से 12 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 से 12 अगस्त के बीच दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दौरान कई इलाकों में मध्यम से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर पश्चिमी राजस्थान के अन्य हिस्सों में अगले तीन से चार दिन तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *