up newsमौके पर सीज की गईं पानी की बोतलें।

बरेली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को फरीदपुर में पैकेटबंद पेयजल बनाने वाली अनुप्रिया बेवरेजेज पर छापा मारा। इस दौरान पानी की बोतलों पर फर्जी लाइसेंस नंबर और निर्माता का अधूरा पता मिला। टीम ने मौके पर तैयार 3915 पानी की बोतलें सीज कर दीं, जिनकी कीमत 48 हजार रुपये से अधिक है। पानी का नमूना जांच के लिए भेजने के साथ ही मशीन का मुंह सील कर उत्पादन बंद करा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त सेकेंड राहुल सिंह के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला व इन्द्रजीत सिंह की टीम ने फरीदपुर के मोहल्ला सुखदेवपुरम, ससैय्या रोड, लाइनपार संचालित अनुप्रिया बेवरेजेज का निरीक्षण किया। विभाग के मुताबिक मौके पर नितिन तोमर निवासी बुधौली को बिक्री के लिए 1000 एमएल और 500 एमएल की पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलें पैक करते पाया गया।

मशीन की नोजल भी सील।

बोतलों पर मिला फर्जी लाइसेंस नंबर, पते में भी खेल

टीम ने पैक्ड पानी की बोतलों पर अंकित विवरण की जांच की तो विभाग के अनुसार कारोबारकर्ता द्वारा फर्जी लाइसेंस नंबर अंकित किया जा रहा था। इसके साथ ही निर्माता का पूरा पता दर्ज नहीं था। बोतलों पर केवल अनुप्रिया बेवरेजेज उत्तर प्रदेश बरेली लिखा पाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नमूना संग्रहित किया है, जिसे जांच के लिए फूड एनालिस्ट के पास भेजा जा रहा है। मौके पर तैयार मिलीं 3915 बोतलों को सीज किया गया, जिनकी कीमत विभाग ने 48,060 रुपये बताई है।

मशीन का नोजल भी सील, जांच रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्माण इकाई में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर भरने वाली मशीन के नोजल को भी सील कर दिया, ताकि वहां अग्रिम आदेश तक पानी का उत्पादन न किया जा सके। खाद्य सहायक आयुक्त सेकेंड राहुल सिंह के मुताबिक नमूने की जांच रिपोर्ट आने और लाइसेंस संबंधी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *