up newsमृतक का फाइल फोटो

बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में शाहजहांपुर के एक व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे घायल हो गए। पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 55 फीट गहरी खाई में जा गिरे।

मृतक की पहचान शाहजहांपुर के कटिया टोला निवासी 55 वर्षीय व्यापारी शिवओम गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ बरेली के मढ़ीनाथ स्थित बड़े बेटे की ससुराल से वापस शाहजहांपुर लौट रहे थे। देर बुधवार देर रात उनकी कार द्वारकेश चीनी मिल और शेर-ए-पंजाबी ढाबा के पास पहुंची थी, तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे करीब 55 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही फतेहगंज पूर्वी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शिवओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी आशा गुप्ता को गंभीर चोटें आने पर बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दोनों पुत्र आकाश दीप गुप्ता और विकास दीप गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

टक्कर मारने वाले युवक हिरासत में

हादसे के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों के साथ व्यापारिक संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। व्यापारियों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *