बदायूं। बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार निजी एंबुलेंस ने टेंपो को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि वह सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं शामिल हैं। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज से रेफर किया गया है। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

हादसा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दहेमी गांव के पास हुआ। बरेली के बहेड़ी निवासी अफसाना अपने मायके वजीरगंज आई थीं। मंगलवार सुबह वह अपने देवर यूनुस (19), सवीना और बेटे आवान के साथ बहेड़ी लौटने के लिए ट्रेन पकड़ने स्टेशन जा रही थीं। परिवार के लोग टेंपो में सवार थे। रास्ते में उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद सफर मातम में बदल जाएगा।

पीछे से आई एंबुलेंस ने मारी जोरदार टक्कर

दहेमी गांव के पास पहुंचते ही पीछे से तेज गति में आ रही निजी एंबुलेंस ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

दो लोगों की मौत, तीन घायल

हादसे में बहेड़ी निवासी यूनुस और सचिन गंगवार की मौत हो गई। वहीं टेंपो सवार होमगार्ड रामकुमार निवासी वजीरगंज समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

0

दो महिलाओं की हालत गंभीर, एक गर्भवती

घायलों में शामिल दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज से रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि अफसाना पांच माह की गर्भवती हैं। हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

एंबुलेंस छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। टेंपो चालक का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस अब फरार दोनों चालकों की तलाश में जुटी है। हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *