bareillyकार्रवाई करती आरटीओ की टीम।

बरेली। आरटीओ दफ्तर के बाहर मंडराने वाले दलालों और बिचौलियों पर सोमवार को परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की। कई दिनों से मिल रही सूचनाओं के बाद अफसर अचानक सड़क पर उतरे तो खलबली मच गई। गेट और आसपास जमे अवैध खोखे व अस्थायी दुकानें हटाई गईं। अभियान में 10 अस्थायी दुकानों और अतिक्रमणों पर कार्रवाई हुई। संदिग्ध लोगों के साथ वाहनों की भी जांच की गई।

आरटीओ कार्यालय के बाहर बिचौलियों के सक्रिय होने की शिकायतें अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। सोमवार को आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह और आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा ने मोर्चा संभाला। टीम ने मुख्य गेट से आसपास के इलाके तक औचक चेकिंग शुरू कर दी। टीम ने एक-एक कर अवैध खोखे और अस्थायी दुकानें हटवाईं। कुल 10 अस्थायी दुकानों और अतिक्रमणों को हटाने के साथ जरूरत के मुताबिक ध्वस्तीकरण कराया गया। संदिग्ध तरीके से खड़े वाहनों की भी जांच हुई और मुख्य द्वार के आसपास का रास्ता अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

दफ्तर के बाहर दलाली का अड्डा नहीं बनने देंगे

परिवहन विभाग ने साफ किया कि कार्यालय या मुख्य गेट के आसपास दलाली करते कोई मिला तो केवल चेतावनी देकर नहीं छोड़ा जाएगा। बिचौलियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। परिवहन विभाग से जुड़े काम कराने के नाम पर आवेदकों को घेरने वालों पर अब सीधी नजर रहेगी। कार्यालय के सभी CCTV कैमरों को 24×7 चालू रखने और रिकॉर्डिंग नियमित देखने के निर्देश दिए गए हैं। कोई बिचौलिया बार-बार कार्यालय या आसपास सक्रिय होता है तो कैमरों के जरिए उसकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

लाइसेंस-परमिट के नाम पर दलालों से रहें दूर

अधिकारियों ने लोगों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, परमिट या दूसरे काम के लिए बिचौलियों के चक्कर में न पड़ने को कहा है। ऑनलाइन पोर्टल, जनसेवा केंद्र अथवा आरटीओ के अधिकृत काउंटर से सीधे आवेदन किया जा सकता है। कार्रवाई में आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह, आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा, एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती, यात्री एवं मालकर अधिकारी रमेश चन्द्र प्रजापति, अजीत प्रताप सिंह और प्रवर्तन टीम मौजूद रही।

आरटीओ का बयान

आरटीओ पंकज सिंह ने स्पष्ट किया कि कार्यालय को दलाल-मुक्त रखने के लिए आगे भी अचानक चेकिंग और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी। दोबारा अवैध दुकानें लगाने या बिचौलियों के सक्रिय होने की जानकारी मिली तो और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *