बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में छज्जा निकालने को लेकर हुई युवक की हत्या के बाद फरार चल रहे दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पिछले कई दिनों से पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर छिपकर रह रहे थे और बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
25 मई को थाना क्षेत्र के गांव जाम निवासी कुंवरपाल ने अपने पड़ोसियों महेंद्र, अनोखे, हरजीत, रामरतन समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान घायल लक्ष्मण स्वरूप की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी गई थी।
छज्जा डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार हरजीत और प्रेमरतन उर्फ रामरतन ने बताया कि उनके परिवार और पड़ोसी कुंवरपाल के बीच मकान का छज्जा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। 25 मई को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोपियों का कहना है कि उन्होंने भी बचाव में मौके पर पड़ी लकड़ी की फंटियां उठा ली थीं। मारपीट के दौरान लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बाद में उनकी मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने के बाद दोनों भाई गांव छोड़कर फरार हो गए और लगातार ठिकाने बदलकर छिपते रहे।
भागने की तैयारी में थे, पुलिस ने दबोचा
थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। शनिवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव जाम से ही हत्या के मुकदमे में वांछित हरजीत (20) और प्रेमरतन उर्फ रामरतन (19) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पुलिस के डर से क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक ब्रज किशोर, कांस्टेबल नितिन नागर, रेडियो ऑपरेटर मनीष चौधरी और शिवसागर शामिल रहे।