google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyमौके पर निरीक्षण करने पहुंचीं बीडीए उपाध्यक्ष।

बरेली। ग्रेटर बरेली की तस्वीर अब और खूबसूरत होने वाली है। शहर के बीच से गुजरने वाली जलधारा के दोनों किनारों पर भव्य कैनाल फ्रंट बनाया जाएगा। यहां फूलों से सजे रास्ते, फव्वारे, जगमग रोशनी, जॉगिंग और साइकिल ट्रैक के साथ बच्चों के खेल क्षेत्र और फूड जोन होंगे। दिन में हरियाली और रात में रोशनी से चमकने वाला यह कैनाल फ्रंट बरेली का नया हॉटस्पॉट बनेगा।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया ग्रेटर बरेली के सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजर रही जलधारा इस पूरे प्रोजेक्ट की धुरी बनेगी। पीलीभीत रोड से शुरू होकर ग्रेटर बरेली के बीच से गुजरने वाली इस जलधारा के दोनों किनारों को कैनाल फ्रंट के रूप में विकसित किया जाएगा। अभी तक महज जलधारा के रूप में दिखने वाले इस हिस्से को ऐसा सार्वजनिक क्षेत्र बनाने की तैयारी है, जहां सुबह से रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहे।

सुबह जॉगिंग-साइकिलिंग, शाम को परिवार के साथ सैर

कैनाल फ्रंट को केवल देखने भर की खूबसूरत जगह बनाने के बजाय शहर की नई लाइफस्टाइल से जोड़ने की योजना है। दोनों किनारों पर पैदल पथ, जॉगिंग ट्रैक और साइकिल मार्ग विकसित किए जाएंगे। बीच-बीच में बैठने और आराम करने के स्थान होंगे। बच्चों के लिए अलग खेल क्षेत्र और झूले लगाए जाएंगे। परिवार और दोस्तों के साथ आने वाले लोगों के लिए खान-पान के केंद्र भी यहां की रौनक बढ़ाएंगे। कैनाल फ्रंट की सबसे बड़ी खूबी इसकी लैंडस्केपिंग होगी। जलधारा के दोनों तरफ अलग-अलग प्रजातियों के फूल लगाए जाएंगे और आकर्षक पुष्प संरचनाएं तैयार होंगी। कई स्थानों पर फव्वारे इसकी खूबसूरती बढ़ाएंगे। शाम होते ही विशेष फसाड और लैंडस्केप लाइटिंग पूरे कैनाल फ्रंट का नजारा बदल देगी। कोशिश इसे ऐसा स्थान बनाने की है, जो दिन में हरियाली और रात में रोशनी के कारण लोगों को अपनी ओर खींचे।

0

क्रिकेट बैट से ग्लोब तक, बच्चों-युवाओं के लिए होंगे सेल्फी पॉइंट

कैनाल फ्रंट में सिर्फ पेड़-पौधे और पाथवे नहीं होंगे। यहां कला और क्रिएटिविटी का भी तड़का लगेगा। फूलों, पक्षियों और पशुओं पर आधारित कलात्मक आकृतियों के साथ क्रिकेट बैट, शटलकॉक और ग्लोब जैसी थीम आधारित संरचनाएं तैयार करने की योजना है। ये बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षण के साथ नए सेल्फी पॉइंट भी बन सकते हैं। योजना में एक और दिलचस्प प्रयोग वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी का है। भविष्य में कैनाल फ्रंट पर बड़े स्तर पर फ्लावर शो आयोजित करने की परिकल्पना की गई है। शहर की सामाजिक संस्थाओं, फूल और बागवानी प्रेमियों को इसमें शामिल किया जाएगा। अलग-अलग किस्म के फूलों और आकर्षक डिजाइन के जरिए कैनाल फ्रंट को बड़े आयोजन स्थल के रूप में भी पहचान दिलाने की तैयारी है।

नाथ कॉरिडोर के बाद कैनाल फ्रंट, पर्यटन के नक्शे पर नई छलांग की तैयारी

बरेली में नाथ कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब ग्रेटर बरेली का कैनाल फ्रंट शहर के आधुनिक और हरित चेहरे को सामने लाएगा। दोनों परियोजनाओं की प्रकृति भले अलग हो, लेकिन कैनाल फ्रंट के तैयार होने पर शहर को परिवारों और युवाओं के लिए एक नया पर्यटन और मनोरंजन स्थल मिल सकता है। कैनाल फ्रंट को शहर की अर्थव्यवस्था से जोड़ने की संभावना भी देखी जा रही है। लोगों और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने पर खान-पान, छोटे व्यवसाय और दूसरी सेवा गतिविधियों के लिए नया बाजार तैयार हो सकता है। आसपास आवासीय विकास बढ़ने के साथ यह इलाका ग्रेटर बरेली के प्रमुख कमर्शियल और मनोरंजन क्षेत्रों में जगह बना सकता है।

सिर्फ मकानों का शहर नहीं होगा ग्रेटर बरेली

बीडीए ग्रेटर बरेली को केवल प्लॉट, सड़क और मकानों तक सीमित नई टाउनशिप नहीं बनाना चाहता। योजना में खुले सार्वजनिक स्थान, हरियाली, खेल, मनोरंजन और लोगों के मिलने-जुलने के लिए पर्याप्त जगह देने पर जोर है। कैनाल फ्रंट इसी सोच का सबसे आकर्षक हिस्सा बनने जा रहा है। यानी यहां रहने वाले लोगों को घर के करीब ही मॉर्निंग वॉक से लेकर फैमिली आउटिंग तक का ठिकाना मिलेगा। जिस जलधारा को सामान्य तौर पर दो सेक्टरों के बीच गुजरने वाला हिस्सा माना जाता, उसी को पूरे इलाके की खूबसूरती और गतिविधियों का केंद्र बनाने की तैयारी है। पानी के किनारे हरियाली, फूल, फव्वारे, साइकिल ट्रैक, खेल और रोशनी का संगम हुआ तो यह कैनाल फ्रंट ग्रेटर बरेली की लाइफलाइन बन सकता है।

सौम्या पांडेय बोलीं- बरेली को देंगे नई पहचान

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के मुताबिक ग्रेटर बरेली को आधुनिक, खूबसूरत और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी योजना का अहम हिस्सा है। जलधारा के दोनों तरफ फूल, हरियाली, फव्वारे, प्रकाश व्यवस्था और खेल-मनोरंजन की सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य है, ताकि शहर को ऐसा सार्वजनिक स्थल मिले जो बेहतर जीवनशैली के साथ बरेली की नई पहचान भी बने। कैनाल फ्रंट की योजना को मंडलायुक्त के निर्देशन में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके धरातल पर उतरने के बाद ग्रेटर बरेली सिर्फ शहर का नया विस्तार नहीं, बल्कि घूमने, खेलने, साइकिल चलाने और परिवार के साथ वक्त बिताने वाला नया बरेली भी नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *