up newsमौलाना शहाबुद्दीन।

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुसलमानों से भाजपा के विरोध की राजनीति से बाहर निकलने की अपील कर नई सियासी बहस छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की राजनीति का फायदा कथित सेक्युलर दलों, खासकर समाजवादी पार्टी को मिला, जबकि मुसलमान राजनीतिक और सामाजिक रूप से पीछे होते चले गए। उन्होंने समुदाय से नकारात्मक राजनीति छोड़कर शिक्षा, तरक्की और नई पीढ़ी के भविष्य पर ध्यान देने की अपील की।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में मुसलमान लगातार भाजपा विरोध की राजनीति करते रहे। उनका आरोप है कि समाजवादी पार्टी समेत दूसरे सेक्युलर दलों के आह्वान और रणनीति के चलते मुस्लिम समाज भाजपा के खिलाफ एकजुट होता रहा, लेकिन इसका राजनीतिक लाभ उन दलों को मिला और मुस्लिम समाज हाशिये पर चला गया। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि मुसलमान अपने राजनीतिक नजरिए में बदलाव करें और यह समझें कि उनके समाज और आने वाली पीढ़ियों के हित में क्या है।

विरोध की राजनीति ने विकास का पहिया जाम किया

मौलाना रजवी ने दावा किया कि वर्ष 2017 से भाजपा विरोध की राजनीति ने मुस्लिम समाज को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मौकों पर सेक्युलर पार्टियों ने मुसलमानों को भाजपा के खिलाफ आंदोलनों और प्रदर्शनों के लिए आगे किया। ऐसे प्रदर्शनों में कार्रवाई का सामना आम लोगों को करना पड़ा, जबकि राजनीतिक दलों और उनके नेताओं ने इसका सियासी लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की नकारात्मक राजनीति में उलझे रहने के बजाय समुदाय को शिक्षा, रोजगार, कारोबार और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

सपा पर निशाना, लगाया दोहरी राजनीति का आरोप

मौलाना रजवी ने समाजवादी पार्टी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुसलमानों के भाजपा नेताओं से सामाजिक संबंध रखने या उन्हें शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में बुलाने पर सवाल खड़े किए जाते हैं, दूसरी तरफ सियासी जरूरतों के मुताबिक भाजपा से जुड़े नेताओं के साथ राजनीतिक तालमेल भी किया जाता रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और कल्याण सिंह के बीच रहे राजनीतिक तालमेल का जिक्र किया। साथ ही कहा कि मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर संसद में सकारात्मक टिप्पणी की थी। मौलाना ने अखिलेश यादव पर भी भाजपा नेताओं से पर्दे के पीछे मुलाकात करने का आरोप लगाया।

दिल-दिमाग से नकारात्मकता निकालें, नई पीढ़ी का भविष्य देखें

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि हर मुद्दे पर भाजपा का विरोध करने की मानसिकता से बाहर निकलने की जरूरत है। समुदाय को अपने दिल और दिमाग में सकारात्मक सोच पैदा करनी चाहिए और यह देखना चाहिए कि उनके बच्चों तथा परिवारों का भविष्य किस तरह बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के विकास के लिए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक तरक्की का ठोस खाका तैयार करना जरूरी है। मुसलमानों को सियासी दलों की रणनीति समझकर अपने हितों के आधार पर फैसले लेने चाहिए और अपनी ऊर्जा भविष्य संवारने में लगानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *