Social Sharing icon

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में शुक्रवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में घुसकर लूटपाट के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में दो लोगों को गोली लगी, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसे गोरखपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

लूट के दौरान बरसी गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार बदमाश अचानक ज्वेलरी शॉप में घुस आए और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा बाजार दहल उठा और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग में दुकान के अंदर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया है।

गुस्साई भीड़ ने बाइक में लगाई आग

घटना से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर जुटी भीड़ ने अपराधियों की छोड़ी गई एक बाइक में आग लगा दी। लोगों ने पुलिस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *