Social Sharing icon

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन महीने पहले हुई MBBS छात्रा की मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। जिस मकान में छात्रा किराए पर रहती थी, उसी मकान के मालिक ने शनिवार देर रात जान दे दी। घटना के बाद परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना है कि लगातार पूछताछ और दबाव की वजह से उनके पति मानसिक रूप से टूट चुके थे।

तीन महीने पहले छात्रा की हुई थी मौत

फरवरी महीने में गांधी मेडिकल कॉलेज की MBBS छात्रा रोशनी ने कोहेफिजा इलाके में किराए के मकान में जान दी थी। छात्रा की मौत के बाद मामला काफी चर्चा में आया था। परिजनों ने उस समय हत्या की आशंका जताई थी और विरोध प्रदर्शन भी किया था। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से एक सुसाइड नोट मिला था। उसमें पढ़ाई के दबाव और मेडिकल शिक्षा के तनाव का जिक्र किया गया था। इसके बावजूद मामले में लगातार पूछताछ जारी रही।

पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

अब मकान मालिक विजय राठौर की मौत के बाद उनकी पत्नी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनके पति को बार-बार थाने बुलाती थी और घंटों बैठाकर पूछताछ करती थी। पत्नी के मुताबिक, उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जाती थी। इससे विजय राठौर लगातार तनाव में रहने लगे थे। परिवार का दावा है कि मानसिक दबाव की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।

छात्रा के परिवार पर भी लगाए आरोप

मृतक की पत्नी ने यह भी कहा कि छात्रा के परिजन भी लगातार उनके पति पर आरोप लगा रहे थे। इससे परिवार पर सामाजिक और मानसिक दबाव बढ़ता चला गया। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोहेफिजा थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतक की बेटी के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *