up newsमकान पर मौजूद ईडी की टीम।

बरेली। कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच की आंच अब बरेली तक पहुंच गई है। रविवार को ईडी की टीम ने कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के पैतृक आवास पर छापा मारा। देर शाम तक टीम की जांच और दस्तावेजों की पड़ताल जारी रही।

रविवार दोपहर अचानक यूपी-32 यानी लखनऊ नंबर की कई गाड़ियां नवाबगंज क्षेत्र के हिमकरपुर चमरुआ गांव पहुंचीं। अधिकारियों के साथ पुलिस की एक बड़ी वैन भी मौजूद थी। टीम सीधे आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के पैतृक आवास पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कार्रवाई की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में हलचल बढ़ गई।

2016 बैच के IAS, KPSC में रह चुके परीक्षा नियंत्रक

ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार कर्नाटक कैडर के वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह कर्नाटक लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक के पद पर भी तैनात रह चुके हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वर्तमान में वह कर्नाटक सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में एमएसएमई निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। ईडी की कार्रवाई के दौरान आवास पर मौजूद परिजनों से भी आवश्यक जानकारी लिए जाने की बात सामने आई है। बताया गया कि जांच के दौरान घर में मौजूद लोगों की आवाजाही सीमित रही। टीम ने विभिन्न दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की। देर शाम तक कार्रवाई जारी रहने से गांव में चर्चाओं का दौर चलता रहा।

पेपर लीक से OMR शीट में हेरफेर तक के आरोपों की जांच

बताया जा रहा है कि ईडी कर्नाटक लोक सेवा आयोग से जुड़ी कथित भर्ती अनियमितताओं के मामले की जांच कर रही है। परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी, कथित पेपर लीक और ओएमआर शीट में हेरफेर जैसे आरोप जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। इससे पहले भी जांच एजेंसी की ओर से कर्नाटक और अहमदाबाद में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए जाने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल बरेली में हुई कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है। छापे में क्या बरामद हुआ और जांच में कौन से तथ्य सामने आए, इसकी स्थिति आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *