crime newsपुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Social Sharing icon

Bareilly News: कैंट क्षेत्र में एक युवती का पीछा कर अश्लील इशारे करने वाले मनचले को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के वक्त युवती आरोपी को पहचान नहीं सकी थी, लेकिन कुछ दिनों बाद जब वह दोबारा नजर आया तो युवती ने हिम्मत दिखाते हुए उसकी पहचान की और पुलिस तक मामला पहुंचा दिया।

जानकारी के मुताबिक 22 मई की रात युवती अपने पिता को चाबी देने के लिए हिलट्रैक रोड स्थित एमईएस कार्यालय गई थी। रात करीब आठ बजे वह स्कूटी से वापस घर लौट रही थी। आरोप है कि सेंट मारिया स्कूल के पास खड़े एक युवक ने उसे देखकर अश्लील इशारे किए और उसके पीछे लग गया। पीड़िता का आरोप है कि युवक लगातार उसका पीछा करता हुआ घर तक पहुंच गया। अचानक हुई इस हरकत से युवती घबरा गई। उस समय अंधेरा होने और घबराहट के कारण वह आरोपी को ठीक से पहचान नहीं पाई और चुपचाप घर चली गई।

दोबारा दिखा तो पहचान लिया चेहरा

घटना के कुछ दिन बाद युवती की नजर फिर उसी युवक पर पड़ी। इस बार उसने सतर्कता दिखाई और युवक की पहचान कर ली। इसके बाद उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवार को दी और 29 मई को कैंट थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पीछा करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर कैंट क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय आसिफ पुत्र कल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की कार्रवाई उपनिरीक्षक राजीव पटेल, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल वासू पंवार की टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *