up newsमौके पर जांच करती पुलिस

बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र के गांव धनौरा गौरी में गुरुवार सुबह खेत में अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को जलाकर पहचान मिटाने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने खेत में अधजला शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद सीओ मीरगंज अजय कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाकर नमूने जुटाए हैं। शव बुरी तरह झुलसा हुआ था, जिससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी। आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से आग लगा दी गई। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

तीन जिलों की सीमा पर उलझी गुत्थी

घटनास्थल रामपुर और बदायूं जनपद की सीमाओं के नजदीक होने के कारण पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि हत्या किसी अन्य जिले में की गई हो और शव को बरेली सीमा में ठिकाने लगाया गया हो। इस संबंध में बदायूं के बिसौली और रामपुर के शाहबाद थानों को भी सूचना दे दी गई है।

पहचान के लिए खंगाले जा रहे गुमशुदगी रिकॉर्ड

सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *