google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyप्रतीकात्मक चित्र।

बरेली। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में उमड़ रही यात्रियों की भीड़ के बीच रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों को सफर में होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए रेलवे ने छपरा से दिल्ली और नई दिल्ली के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। दोनों स्पेशल ट्रेनें बरेली जंक्शन होकर गुजरेंगी। इनका संचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा। इससे बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली और पूर्वांचल की यात्रा में सहूलियत मिलेगी।

मुरादाबाद रेल मंडल की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, ट्रेन संख्या 05071/05072 छपरा-दिल्ली-छपरा स्पेशल का संचालन 17 नवंबर से किया जाएगा। ट्रेन संख्या 05071 छपरा से 17 नवंबर को रवाना होकर 18 नवंबर को दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन बरेली जंक्शन पर सुबह 11:08 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 11:10 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05072 दिल्ली से 18 नवंबर को चलकर 19 नवंबर को छपरा पहुंचेगी। दिल्ली से लौटते समय ट्रेन बरेली जंक्शन पर रात 1:38 बजे पहुंचेगी और 1:40 बजे आगे के लिए रवाना होगी।

18 नवंबर को दौड़ेगी दूसरी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 05073/05074 छपरा-नई दिल्ली-छपरा स्पेशल चलाने का भी निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 05073 छपरा से 18 नवंबर को रवाना होगी और 19 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन बरेली जंक्शन पर दोपहर 2:08 बजे पहुंचेगी और 2:10 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 05074 नई दिल्ली से 19 नवंबर को चलकर 20 नवंबर को छपरा पहुंचेगी। वापसी के दौरान ट्रेन बरेली जंक्शन पर तड़के 4:38 बजे पहुंचेगी और 4:40 बजे रवाना होगी।

बरेली समेत इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों स्पेशल ट्रेनों का ठहराव मुरादाबाद रेल मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से दिल्ली और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे के अनुसार, दोनों विशेष ट्रेनों में यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए वातानुकूलित (एसी), स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इससे अलग-अलग श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

रेलवे ने जारी की यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया गया है। दोनों ट्रेनें बरेली होकर गुजरेंगी और आसपास के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव और अन्य जरूरी जानकारी की पुष्टि एनटीईएस (NTES) वेबसाइट से कर लें। इसके अलावा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *