कमिश्नर को ज्ञापन देने पहुंचे किसान
Social Sharing icon

बरेली। केसर चीनी मिल की जमीन की नीलामी को लेकर किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। भारतीय किसान यूनियन (तराई क्षेत्र) ने नीलामी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की। किसान नेताओं का दावा है कि बाजार में करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को बेहद कम कीमत पर नीलाम किया गया, जिससे किसानों के हितों को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

प्रदेश अध्यक्ष सरदार बलजिंदर सिंह मान के नेतृत्व में पहुंचे किसान नेताओं ने कहा कि केसर चीनी मिल की जमीन और अन्य परिसंपत्तियां अत्यंत मूल्यवान हैं, लेकिन उनकी नीलामी कथित रूप से वास्तविक बाजार मूल्य से काफी कम दर पर की गई। किसानों का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है।

किसानों के अधिकारों से जुड़ा है मामला

भाकियू नेताओं ने कहा कि केसर चीनी मिल से जुड़े हजारों किसानों का हित इस प्रकरण से जुड़ा हुआ है। ऐसे में नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए थी। किसानों ने मांग की कि जमीन का वास्तविक मूल्यांकन, बोली प्रक्रिया और नीलामी से जुड़े सभी पहलुओं की स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। किसान नेताओं ने बताया कि मामले को लेकर मुख्यमंत्री को भी ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी गई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि किसानों की शंकाओं का समाधान करने के लिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाए तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

कमिश्नर ने दिया जांच का भरोसा

मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने किसान प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से देखने और जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन किसानों की मांगों पर निष्पक्ष निर्णय लेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी चौधरी अजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता चौधरी सुरेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चौधरी योगेश पाल सिंह, युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वंश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अमर पाल सिंह, ग्राम अध्यक्ष खगाईनगर नंदराम गुर्जर समेत बड़ी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *