Tech & Utility: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट और प्रीपेड मीटर व्यवस्था समाप्त होने के बाद जून महीने में कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई लोगों का आरोप है कि बिल सामान्य से अधिक आया है या फिर प्रीपेड मीटर में जमा राशि का सही समायोजन नहीं किया गया है। राहत की बात यह है कि अब उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मोबाइल से दर्ज करें शिकायत
गलत या अधिक बिजली बिल की शिकायत उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन के जरिए ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए UPPCL Smart App और UPPCL Consumer App उपलब्ध हैं, जहां कुछ आसान चरणों में शिकायत दर्ज की जा सकती है।
UPPCL Smart App से ऐसे करें शिकायत
ऐप में लॉगइन करने के बाद नीचे दिए गए मेन्यू में जाएं और Get Help विकल्प चुनें। इसके बाद Register Complaint पर क्लिक करें। शिकायत की श्रेणी में Bill Revision और फिर Wrong Bill/Fictitious Arrear Related विकल्प चुनकर अपनी समस्या दर्ज करें। शिकायत सबमिट करने के बाद एक रेफरेंस नंबर मिलेगा, जिससे शिकायत की स्थिति ट्रैक की जा सकेगी।
UPPCL Consumer App का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
उपभोक्ता UPPCL Consumer App के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप में लॉगइन करने के बाद Register Complaint विकल्प चुनकर बिल संबंधी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
ईमेल से भी भेज सकते हैं शिकायत
यदि उपभोक्ता विस्तृत जानकारी और दस्तावेजों के साथ शिकायत करना चाहते हैं तो वे 1912@pvvnl.org पर ईमेल भेज सकते हैं। ईमेल में बिल की कॉपी, प्रीपेड रिचार्ज की रसीदें और अन्य संबंधित दस्तावेज संलग्न किए जा सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद विभाग की ओर से रेफरेंस आईडी जारी की जाएगी।
कार्रवाई न हो तो एक्स पर उठाएं आवाज
यदि शिकायत के बावजूद लंबे समय तक समाधान नहीं मिलता है तो उपभोक्ता अपना रेफरेंस नंबर बताते हुए @UPPCLLKO को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर टैग कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
ऑनलाइन शिकायत से मिलेगा त्वरित समाधान
विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार के बाद अब अधिकांश सरकारी शिकायतों का समाधान ऑनलाइन संभव है। सही प्रक्रिया अपनाकर उपभोक्ता घर बैठे अपने बिजली बिल की त्रुटियां ठीक करा सकते हैं और शिकायत की प्रगति पर भी नजर रख सकते हैं।