crime
Social Sharing icon

Moradabad। नागफनी थाना क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर दिया। इस हाईप्रोफाइल मामले में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि जिस बेटी पर परिवार सबसे ज्यादा भरोसा करता था, वही अपने प्रेमी के साथ मिलकर करोड़ों की डकैती की साजिश रच रही थी। पुलिस ने कारोबारी की बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई कारें बरामद की हैं।

तमंचे के बल पर परिवार को बनाया था बंधक

पुलिस के मुताबिक 11 मई की रात बदमाश कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर में घुसे थे। हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर घर में रखी भारी नकदी और कीमती सामान लूट लिया गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने डकैती का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर नागफनी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों में अरशद वारसी, कुलदीप, रवि कुमार, निक्की और कारोबारी की बेटी अरीबा शामिल हैं। पूछताछ में जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं।

प्रेम-प्रसंग बना डकैती की वजह

मुख्य आरोपी अरशद वारसी ने पुलिस को बताया कि उसका अरीबा से पिछले आठ-नौ वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति से थे, इसलिए परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी दौरान अरीबा ने अपने प्रेमी को घर में रखे लाखों रुपये और कारोबारी की आर्थिक स्थिति की जानकारी देना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे दोनों ने मिलकर घर की नकदी लूटने की साजिश बना डाली। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से करीब एक महीने पहले अरीबा ने अपने प्रेमी को घर की चाबी तक दे दी थी। इतना ही नहीं, वारदात वाली रात मेन गेट खोलने की जिम्मेदारी भी उसी ने ली थी। इसके बाद अरशद ने अपने दोस्तों को योजना में शामिल किया और पूरी रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

दोस्तों की गैंग बनाकर की गई पूरी प्लानिंग

पुलिस के मुताबिक अरशद ने कुलदीप, रवि, निक्की और अन्य साथियों को जोड़कर पूरा गैंग तैयार किया था। सभी ने कई दिनों तक कारोबारी के घर और गतिविधियों की निगरानी की। सही मौका मिलते ही देर रात घर में घुसकर डकैती की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, तीन अवैध तमंचे, कारतूस, पांच मोबाइल फोन और दो कारें बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं बढ़ाई गई हैं।

भरोसे के रिश्ते में सबसे बड़ा विश्वासघात

इस पूरे मामले ने लोगों को इसलिए ज्यादा चौंकाया क्योंकि साजिश में कारोबारी की अपनी बेटी शामिल निकली। जिस पिता ने बेटी पर भरोसा किया, उसी ने प्रेमी के साथ मिलकर घर में डकैती की पूरी पटकथा लिख डाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *