Social Sharing icon

बरेली। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बीडीए का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही एक बड़ी अवैध कॉलोनी पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई जा रही सड़कें, प्लॉटिंग के चिन्हांकन और अन्य विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया।

12 हजार वर्गमीटर की प्लॉटिंग ध्वस्त

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ ए मनिकंडन ने बताया कि इज्जतनगर के खजुरिया गांव में तौफीक द्वारा करीब 12 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना नक्शा पास कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसमें लगभग 7 हजार वर्गमीटर और 5 हजार वर्गमीटर के दो हिस्सों में भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क निर्माण तथा बाउंड्रीवाल का कार्य कराया जा रहा था। शिकायत के बाद बीडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता विनोद कुमार, अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी समेत प्रवर्तन दल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बिना स्वीकृति प्लॉट खरीदने वालों को भी चेतावनी

बीडीए उपाध्यक्ष ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार का भवन निर्माण या प्लॉटिंग कराने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र एवं लेआउट की स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना स्वीकृति विकसित की गई कॉलोनियां अवैध मानी जाती हैं और उनके खिलाफ किसी भी समय ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है। लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या भवन को खरीदने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की पुष्टि अवश्य कर लें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *