बरेली। पीलीभीत बाईपास रोड पर शनिवार को नगर निगम का बुलडोजर अवैध कब्जों पर जमकर गरजा। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर बैठे लोगों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में निगम टीम ने कई स्थानों से कब्जे हटवाए और अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों से 80 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देश पर नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम सुबह से ही पीलीभीत बाईपास रोड पर पहुंच गई। अभियान शुरू होते ही सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए मार्बल पत्थर, खोखे और अन्य सामान हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। बुलडोजर और निगम कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

फुटपाथ और सड़क को कब्जामुक्त कराया

अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि पीलीभीत बाईपास रोड पर लगातार अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं। कई दुकानदारों और कारोबारियों ने फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर सामान रखकर रास्ता घेर रखा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाकर कब्जे हटाए गए।

लल्ला मार्केट के सामने टूटा अवैध निर्माण

अभियान के दौरान निगम टीम ने लल्ला मार्केट के सामने अवैध रूप से बनाई गई पक्की स्लैब पर भी कार्रवाई की। बुलडोजर की मदद से स्लैब को तोड़कर हटाया गया और सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

80 हजार का जुर्माना, आगे भी जारी रहेगा अभियान

कार्रवाई के दौरान विभिन्न अतिक्रमणकारियों से कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कार्रवाई के बाद दोबारा कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य शहर की सड़कों और फुटपाथों को आम जनता के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *