बरेली। अफीम बेचकर अपने शौक पूरे करने निकला शाहजहांपुर का युवक बरेली में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह 545 ग्राम अफीम लेकर रामगंगा की ओर जा रहा था। इससे पहले कि वह अफीम किसी को बेच पाता, सुभाषनगर पुलिस ने उसे रास्ते में ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 545 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करता था।
सुभाषनगर पुलिस को शुक्रवार छह नवंबर को सूचना मिली कि एक युवक अफीम लेकर ग्राम रौंधी जाने वाले रास्ते की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 545 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
शाहजहांपुर का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए युवक की पहचान अभिषेक गंगवार (24) पुत्र रामदास गंगवार निवासी गांव खड़खड़ी, थाना तिलहर, जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह अफीम बेचने के लिए रामगंगा की ओर जा रहा था। अफीम बेचकर जो रुपये मिलते थे, उनसे वह अपने शौक पूरे करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आया था और इसे किसे बेचने जा रहा था।
पांच पुलिसकर्मियों की टीम ने पकड़ा
सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जय सिंह निगम, उपनिरीक्षक नितिन शिरीष, कांस्टेबल अंकित नागर और मोहन कुमार शामिल रहे।