बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। महज तीन महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी सुमित रस्तोगी (22) पुत्र नन्नेलाल बुधवार शाम बाइक से शाही स्थित अपनी रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लालकुआं के पास सड़क पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा युवक
अस्पताल में भर्ती सुमित की हालत शुरू से ही गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। शुक्रवार शाम इलाज के दौरान सुमित ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
तीन महीने पहले बसा था घर, मातम में बदलीं खुशियां
परिजनों के मुताबिक, सुमित की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी। परिवार में नई बहू के आने से खुशियों का माहौल था, लेकिन सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया। पति की मौत से नवविवाहिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बेटे की असमय मौत से माता-पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। सुमित के बड़े भाई अमित रस्तोगी ने बताया कि हादसे के बाद से ही उनके भाई की हालत बेहद गंभीर थी। परिवार को उसके स्वस्थ होने की उम्मीद थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।