बरेली। सुभाषनगर के वंशीनगला में भाजपा नेता सचिन कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्याकांड में फरार चल रहे दूसरे आरोपी बाबू उर्फ रोहित को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद करने के साथ ही उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।

सराय तलफी रोड पर घेरा, पुलिस को देखते ही दौड़ा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि सचिन कश्यप हत्याकांड का आरोपी बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर से सराय तलफी की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही सुभाषनगर पुलिस ने सराय तलफी रोड पर घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं रुका।

पुलिस पर फायरिंग के बाद चली गोली

आरोप है कि भागते समय बाबू उर्फ रोहित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय बाबू उर्फ रोहित पुत्र राजेंद्र उर्फ राजू निवासी वंशीनगला के रूप में हुई है।

जेब से तमंचा-कारतूस, निशानदेही पर मिला चाकू

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर वह चाकू भी बरामद कर लिया गया, जिससे भाजपा नेता सचिन कश्यप पर हमला किए जाने का आरोप है। घायल आरोपी को अस्पताल भेजकर पुलिस हिरासत में उसका इलाज कराया जा रहा है।

29 अगस्त की रात खूनी खेल, सीने में घोंपा था चाकू

सचिन कश्यप की हत्या 29 अगस्त को हुई थी। उनकी पत्नी गुड़िया देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, रोहित की मां और आशीष मौर्य ने मिलकर सचिन के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान बाबू उर्फ रोहित ने सचिन के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सचिन की मौत हो गई थी। परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।

एक आरोपी जेल पहुंचा, तीसरे की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद सोमवार को आशीष मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब पुलिस ने दूसरे आरोपी बाबू उर्फ रोहित को भी मुठभेड़ में पकड़ लिया है। हत्याकांड में नामजद अमित उर्फ भज्जी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

मुठभेड़ और हथियार का अलग मुकदमा

पुलिस के मुताबिक आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने और अवैध हथियार बरामद होने के मामले में अलग मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं, मुख्य हत्याकांड में पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *