बरेली। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के साथ ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विशेष अभियान दिवस और एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शामिल हुए।
बीएलओ को पहले ही समझाएं जिम्मेदारियां, अनुभवी कर्मचारियों को मिले प्राथमिकता
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दें। इससे विशेष अभियान दिवस पर कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बीएलओ के रूप में कार्य कर चुके कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर ड्यूटी में लगाया जाए। अनुभवी कर्मचारियों की तैनाती से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
मतदान बूथों पर कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश, होगी ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग
जिलाधिकारी ने सभी मतदान बूथों का समय रहते निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। प्रत्येक बूथ पर कैमरे की स्थिति सही होनी चाहिए और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए अधिकारियों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करनी होगी।
सोशल मीडिया टीम रखेगी निगरानी, लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सोशल मीडिया टीम गठित करने के निर्देश दिए। इन टीमों के माध्यम से अभियान से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करने के साथ महत्वपूर्ण सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बीआरसी स्तर पर भी लगातार निगरानी रखने को कहा। चेतावनी दी कि यदि किसी बीआरसी के स्तर से लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
21 अक्टूबर से शुरू होगा प्रशिक्षण, स्वगणना प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी
जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वगणना से संबंधित प्रशिक्षण शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें संबंधित कर्मचारियों की पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा स्वगणना प्रक्रिया से संबंधित फ्लोचार्ट सभी कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर लगाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि आमजन को भी स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अभियान की जानकारी प्राप्त कर सकें।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को गंभीरता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने 24 अक्टूबर के विशेष अभियान दिवस से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित जिले के सभी उप जिलाधिकारी मौजूद रहे।