UP NEWSसंजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त

बरेली। नगर निगम की निविदा हासिल करने के लिए कथित तौर पर फर्जी अनुभव प्रमाण-पत्र लगाने के मामले में मैसर्स श्री बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स पर बड़ी कार्रवाई हुई है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने फर्म को दो वर्ष के लिए डिबार कर दिया है। इसके साथ ही निविदा में जमा दो प्रतिशत जमानत धनराशि जब्त करने के आदेश दिए गए हैं। दस्तावेजों के तकनीकी परीक्षण और संबंधित विभाग से सत्यापन के बाद अनुभव प्रमाण-पत्र फर्जी पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने राज्य वित्त आयोग और निगम निधि के तहत कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित की थी। इसमें बरेली की मैसर्स श्री बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स ने भी प्रतिभाग किया। निविदा के तकनीकी परीक्षण के दौरान फर्म की ओर से प्रस्तुत अनुभव प्रमाण-पत्र की जांच की गई। प्रमाण-पत्र दूसरी फर्म के नाम से जारी होना दर्शाया गया था।

विभाग ने कहा- ऐसा कोई प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया

नगर निगम ने अनुभव प्रमाण-पत्र की सत्यता जांचने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के मुताबिक, विभाग ने अपने जवाब में स्पष्ट किया कि श्री बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स अथवा उसके पत्र में संदर्भित अन्य फर्म के पक्ष में ऐसा कोई अनुभव प्रमाण-पत्र उनके कार्यालय से जारी या अधिकृत नहीं किया गया। इसके बाद प्रमाण-पत्र को फर्जी और जाली माना गया।

नोटिस पर बोली फर्म- थर्ड पार्टी से कराया था काम

मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने एक अगस्त 2026 को फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया। फर्म ने चार अगस्त को जवाब देकर दावा किया कि संबंधित कार्य थर्ड पार्टी के माध्यम से कराया गया था। अनुभव प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के संबंध में व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही गई। नगर निगम ने फर्म के स्पष्टीकरण को स्वीकार योग्य नहीं माना। निगम के आदेश के मुताबिक निविदा में प्रस्तुत अनुभव प्रमाण-पत्र सत्यापन में असत्य पाया गया। इसे गलत सूचना और फर्जी दस्तावेज के आधार पर निविदा प्राप्त करने का प्रयास मानते हुए फर्म को दो वर्ष के लिए डिबार करने के साथ जमानत राशि जब्त करने की कार्रवाई की गई।

नगर आयुक्त का बयान

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया फर्जी अनुभव प्रमाण-पत्र लगाने पर मैसर्स श्री बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स को दो वर्ष के लिए डिबार किया गया है। इसके साथ ही निविदा में जमा दो प्रतिशत जमानत धनराशि जब्त करने की कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *