google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0

बरेली। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर रविवार तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही दूसरी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराईं और पलट गईं। हादसे में दोनों कारों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना फरीदपुर थाना क्षेत्र में पचौमी स्थित द्वारिकेश शुगर मिल के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

खेत जा रहे ग्रामीण की कार में पीछे से मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, फरीदपुर के गांव पचौमी निवासी पपेंद्र सिंह रविवार सुबह अपनी कार से खेत जा रहे थे। इसी दौरान बरेली की ओर से आ रही दिल्ली निवासी दीपक की तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर से दोनों कारों का संतुलन बिगड़ गया और वे डिवाइडर से टकराकर पलट गईं। हादसे में पपेंद्र सिंह और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।

चालक को आई झपकी और पल भर में हो गया हादसा

हादसे के पीछे चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी दीपक कार लेकर हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही पपेंद्र सिंह की कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां डिवाइडर से टकराकर पलट गईं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे की सूचना पर दौड़ी पुलिस, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना की सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल दोनों चालकों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए बरेली के अस्पताल भिजवाया। हादसे में दोनों कारों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी है।

सीओ बोले- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि रविवार सुबह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दो कारों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल चालकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *