बरेली। शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सियाठेरी में सोमवार रात डीजे पर नाचने को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान एक व्यक्ति ने पूड़ियां तल रहे हलवाई पर खौलता तेल उड़ेल दिया। इससे हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद कार्यक्रम में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गांव सियाठेरी निवासी तोताराम के घर बेटे के जन्म की खुशी में सोमवार रात कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए थे। मेहमानों के लिए भोजन तैयार कराया जा रहा था। गांव निवासी वीरपाल (35) हलवाई का काम कर रहे थे और कढ़ाई में पूड़ियां तल रहे थे। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर कुछ रिश्तेदारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
झगड़ते हुए कढ़ाई के पास पहुंचे रिश्तेदार, हलवाई पर डाला तेल
बताया जा रहा है कि डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गई। झगड़ते हुए रिश्तेदार उस स्थान तक पहुंच गए, जहां हलवाई पूड़ियां तल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक रिश्तेदार ने खौलते तेल की कढ़ाई उठाकर वीरपाल पर उड़ेल दी। गर्म तेल शरीर पर गिरते ही वीरपाल बुरी तरह झुलस गए। घटना सोमवार रात करीब दस बजे की बताई जा रही है।
तीन छोटे बच्चों के पिता हैं घायल वीरपाल
घायल वीरपाल के भाई नोनीराम ने बताया कि उनके भाई हलवाई का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वह शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में खाना बनाने का काम करते हैं। वीरपाल के तीन छोटे बच्चे हैं। नोनीराम के अनुसार, कार्यक्रम में छोचक लेकर आए रिश्तेदार आपस में झगड़ रहे थे। इसी दौरान उनके भाई पर खौलता तेल डाल दिया गया। घटना से परिवार के लोग परेशान हैं।
शिकायत मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे वीरपाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। शीशगढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।