बरेली। गुरुवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने जमकर कहर बरपाया। सीबीगंज क्षेत्र के बल्लाकोठा गांव में पशुओं के लिए चारा डालने गई महिला के ऊपर मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबने से गणेशी देवी (25) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया, लेकिन तब तक महिला की जान जा चुकी थी।
चारा डालने गई थी महिला, तभी अचानक गिरी दीवार
बताया गया कि गणेशी देवी गुरुवार सुबह पशुओं के लिए चारा डालने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी चलने लगी। आंधी के बीच मकान की दीवार अचानक भरभराकर गणेशी देवी के ऊपर गिर गई। वह मलबे के नीचे दब गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
गणेशी देवी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उनके पति कृष्ण पाल औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। दंपती के दो बेटे आयान (7) और सुजान (11 माह) हैं, जबकि पांच साल की बेटी नंदनी है। हादसे के बाद बच्चों और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
सूचना मिलने के बाद सीबीगंज इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। राजस्व टीम ने भी मौके पर पहुंचकर हादसे का जायजा लिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
आंधी-बारिश से शहर के 12 फीडर प्रभावित
आंधी और बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। शहर के करीब 12 फीडर प्रभावित हुए हैं। जिले में करीब 15 बिजली पोल टूटने और लगभग 15 स्थानों पर पेड़ गिरने की जानकारी है। इससे कई सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ। उपकेंद्रों में पानी भरने और तार टूटने के कारण शहर समेत जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
पुराना पेड़ गिरने से दिल्ली हाईवे पर लगा लंबा जाम
किला क्षेत्र के स्वाले नगर में वर्षों पुराना पेड़ आंधी के चलते सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से दिल्ली हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। सड़क से पेड़ हटाने के लिए संबंधित टीमों को लगाया गया।
मढ़ीनाथ की 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन, चार-पांच घंटे लग सकते हैं
33 केवी मढ़ीनाथ की लाइन ब्रेकडाउन में होने से उपकेंद्र से जुड़े सभी पोषक बंद हो गए। बिजली आपूर्ति सामान्य होने में करीब चार से पांच घंटे का समय लगने की बात कही गई है। आंधी-बारिश के कारण जगह-जगह बिजली के तार टूटने और पोल क्षतिग्रस्त होने से बिजली विभाग की टीमें व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हैं।