google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWS116 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में पुलिस ने 116 ग्राम अवैध चरस के साथ 59 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी टीवीएस विक्की से चरस बेचने जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चरस के अलावा एक मोबाइल फोन और टीवीएस विक्की बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम आंवला थाना पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से चरस लेकर जा रहे एक व्यक्ति की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कसूमरा से रेवती की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 116 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान गंगा सिंह (59) पुत्र पीतम सिंह निवासी ग्राम किटौना मऊचन्दपुर, थाना आंवला के रूप में हुई।

चरस बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी गंगा सिंह ने बताया कि उसने चरस एक व्यक्ति से खरीदी थी, जिसका नाम और पता उसे नहीं मालूम है। वह चरस को आगे बेचकर मुनाफा कमाना चाहता था। इसी मकसद से वह चरस लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टीवीएस विक्की (UP25EY1916) और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, न्यायालय में किया पेश

आंवला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राघव, उपनिरीक्षक ऋषिपाल सिंह और कांस्टेबल अभिनव, हरेंद्र, फैजान व प्रशांत कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *