बरेली। शराब की लत ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर डीजल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने 12 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक की कैन भी बरामद की गई है।
शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सुकटिया निवासी समरपाल सिंह (42) शराब पीने का आदी है। पुलिस के मुताबिक, शराब की लत को लेकर उसका पत्नी से आए दिन विवाद होता था। दो नवंबर को समरपाल ने पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर समरपाल ने घर में प्लास्टिक की कैन में रखा डीजल पत्नी पर डालकर आग लगा दी। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए बरेली के ईशान अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां 12 दिन तक उपचार चला, लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके। 14 नवंबर को महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
देवरनियां थाना क्षेत्र के ग्राम इटौआ निवासी मृतका के पिता जितेंद्र सिंह ने शेरगढ़ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शनिवार, 28 नवंबर को पुलिस ने तहरीर के आधार पर समरपाल सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घर से गिरफ्तार हुआ आरोपी, छत से बरामद हुई कैन
शेरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब 10:50 बजे आरोपी समरपाल सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घर की छत से घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक की कैन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज होकर पत्नी पर डीजल डालकर आग लगाने की बात स्वीकार की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आदित्य गौरव श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक राजेश कुमार शर्मा, आरक्षी योगेश कुमार और अंकित कुमार शामिल रहे।