google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWsAI चित्र।

बरेली। पैतृक जमीन के बंटवारे में हिस्से से ज्यादा जमीन बेचने के बाद अब दूसरे की जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी बैनामा कराकर दबंग जमीन पर अपना हक जताने पहुंचे और दीवार खड़ी कराने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, जमीन छोड़ने या 10 लाख रुपये देने का दबाव भी बनाया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश से कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बारादरी के गोसाई गौटिया निवासी सुरेश गिरि का कहना है कि ग्राम शेरपुर में एक जमीन में उसका एक तिहाई हिस्सा है। यह संपत्ति उसे पैतृक रूप से मिली है। आरोप है कि परिवार के दूसरे हिस्सेदार रामगिरि, हरनाम गिरि और महेश गिरि अपने दो तिहाई हिस्से से भी ज्यादा जमीन पहले ही अलग-अलग बैनामों के जरिए बेच चुके हैं। अब इसी जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।

25 मार्च को प्रियाशु के नाम करा दिया बैनामा

सुरेश का आरोप है कि महेश गिरि ने 25 मार्च 2026 को प्रियाशु शर्मा के नाम जमीन का बैनामा कर दिया, जबकि महेश के पास उस जमीन को बेचने का अधिकार ही नहीं था। पीड़ित ने इसे साजिश के तहत किया गया फर्जी बैनामा बताया है। उसका कहना है कि प्रियाशु शर्मा का भी जमीन पर कोई अधिकार या कब्जा नहीं है, जबकि वह खुद वहां मालिकाना हक के आधार पर काबिज है। पीड़ित के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को प्रियाशु शर्मा समेत कई लोग बदमाशों के साथ जमीन पर पहुंच गए। जमीन पर कब्जा करने की नीयत से दीवार बनवाने का काम शुरू करा दिया। सुरेश ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि या तो 10 लाख रुपये दे दो या फिर प्लॉट छोड़कर चले जाओ, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा।

एसएसपी तक पहुंचा मामला, कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज

सुरेश ने मौके से ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी, उसका कहना है कि जमीन पर कब्जे की कोशिश से जुड़े फोटो और वीडियो उसके पास सुरक्षित हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी उसके साथ कोई गंभीर वारदात कर सकते हैं। पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए सुरेश गिरि ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब पुलिस की जांच में जमीन के बैनामों, हिस्सेदारी और कब्जे को लेकर लगाए गए आरोपों की हकीकत सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *