बरेली। दिवाली की रात शहर से लेकर देहात तक आग ने जमकर कहर बरपाया। आतिशबाजी और रोशनी के त्योहार के बीच बरेली में दो अलग-अलग जगह आग लगने से हड़कंप मच गया। पीलीभीत रोड पर साईं केयर अस्पताल आग की चपेट में आ गया तो केसरपुर में योगेश बुक डिपो में आग भड़क उठी। दोनों जगह आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पीलीभीत रोड पर अस्पताल बना आग का निशाना, मकान से उठने लगीं लपटें
पहली घटना पीलीभीत रोड की है। यहां एक मकान के निचले हिस्से में साईं केयर के नाम से अस्पताल संचालित होता है। दीपावली की रात अचानक अस्पताल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया और लपटें उठने लगीं। अस्पताल में आग देखकर आसपास के लोगों में खलबली मच गई। त्योहार की खुशियां मना रहे लोग आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए। मकान मालिक ने भी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद टीम मौके के लिए रवाना हुई।
दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही बुझ गई आग
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में भी खलबली मच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली थी। यह आई केयर अस्पताल था। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचने से पहले ही अस्पताल संचालक ने आग पर काबू पा लिया था। आग किस वजह से लगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
केसरपुर में योगेश बुक डिपो में भड़की आग, मचा हड़कंप
दूसरी घटना केसरपुर की है। यहां योगेश बुक डिपो अचानक आग की चपेट में आ गया। दुकान में आग लगते ही लपटें उठने लगीं। रात के समय आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों और आसपास से निकलकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। दीपावली की रात एक के बाद एक दो जगह आग लगने की घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। केसरपुर में आग लगने के कारण और उससे हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।