google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSछावनी परिषद की बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा करते अधिकारी।

बरेली। बरेली छावनी क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में छावनी परिषद ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में आधुनिक शैक्षणिक भवन के निर्माण से लेकर छावनी सामान्य चिकित्सालय के विस्तार की तैयारी है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक एंबुलेंस, फायर एंड रेस्क्यू बग्गी, ईवी चार्जिंग स्टेशन और ड्रोन की मदद से विकास कार्यों की निगरानी की योजना है। सड़क सुरक्षा, पेयजल और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई है।

बुधवार को छावनी परिषद की सामान्य बैठक अध्यक्ष ब्रिगेडियर एपीएस भदौरिया, एसएम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन और नामित सिविल सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल उपस्थित रहे। इस दौरान छावनी क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

आधुनिक बनेगा टैगोर इंटर कॉलेज, खरीदी जाएंगी दो बसें

आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में आधुनिक शैक्षणिक भवन के निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को स्वीकृति दी गई है। विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण और अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दो बसें खरीदी जाएंगी। विद्यालय में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हैंडपंप और सबमर्सिबल पंप भी लगाए जाएंगे।

अस्पताल के विस्तार की तैयारी, मिलेगी इलेक्ट्रिक एंबुलेंस

छावनी सामान्य चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अतिरिक्त तल के निर्माण की डीपीआर तैयार करने को मंजूरी दी गई है। मरीजों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक एंबुलेंस बग्गी खरीदी जाएगी। इससे अस्पताल में मरीजों के आवागमन की सुविधा बेहतर हो सकेगी।

लगेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन, पवन ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा

पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए छावनी क्षेत्र में पवन ऊर्जा उपकरणों और ईवी चार्जिंग स्टेशन की स्थापना की जाएगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपविधि-2026 के प्रारूप को भी स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही तालाब की सफाई और जलकुंभी हटाने का कार्य कराया जाएगा।

आधुनिक मशीनों से मजबूत होगी सफाई व्यवस्था

छावनी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए गार्बेज टू गोल्ड सेंटर में आधुनिक मशीनें और उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली, फॉगिंग मशीन, प्रेशर जेट और सक्शन मशीन की खरीद को मंजूरी दी गई है।

दस मिनी हाईमास्ट लाइटों से जगमगाएगी छावनी

छावनी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दस मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और डेलिनेटर लगाए जाएंगे। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए इलेक्ट्रिक फायर एंड रेस्क्यू बग्गी खरीदी जाएगी। इसके अलावा सड़कों, नालियों और पुलियों की मरम्मत के साथ सार्वजनिक शौचालय, स्नानघर और नए नलकूप की स्थापना को भी मंजूरी दी गई है।

ड्रोन से होगी विकास कार्यों की निगरानी

तकनीकी नवाचार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए छावनी परिषद भूमि सर्वेक्षण और विकास कार्यों की निगरानी के लिए ड्रोन खरीदेगी। परिषद कार्यालय में बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण भी कराया जाएगा। बैठक में कर्मचारियों के बोनस और सेवा संबंधी लाभों से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। छावनी परिषद का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। परिषद ने स्वच्छ छावनी, हरित छावनी, विकसित छावनी के संकल्प के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *