बरेली। जिले की आंवला तहसील में शुक्रवार को जनगणना प्रशिक्षण के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शिक्षकों ने एसडीएम सुशील मिश्रा पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। भोजन के पैकेट लेने के लिए कतार में खड़े शिक्षकों के साथ कथित दुर्व्यवहार से नाराज शिक्षक प्रशिक्षण छोड़कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और शिक्षकों ने एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात बड़ी संख्या में शिक्षक बरेली के दामोदर स्वरूप पार्क में धरने पर बैठ गए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
भोजन के पैकेट लेने के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, आंवला तहसील क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में जनगणना कार्य के लिए प्रगणक बनाए गए शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक भोजन के पैकेट लेने के लिए कतार में खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान एसडीएम सुशील मिश्रा मौके पर पहुंचे और शिक्षकों को कतार में देखकर नाराज हो गए। शिक्षकों का आरोप है कि एसडीएम ने उनके लिए बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एसडीएम ने कथित तौर पर शिक्षकों को संबोधित करते हुए ‘भूखे, नंगे कुत्ते न जाने कहां-कहां से आ जाते हैं’ जैसी टिप्पणी की। इस कथित टिप्पणी से शिक्षक आक्रोशित हो उठे और उन्होंने तत्काल प्रशिक्षण का बहिष्कार करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शिक्षकों ने कहा- राष्ट्रीय कार्य में सहयोग का मिला अपमान
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूरी जिम्मेदारी के साथ सहयोग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी और शिक्षक उसी व्यवस्था के तहत भोजन लेने के लिए कतार में खड़े थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक वहां कोई भीख मांगने नहीं गए थे। जिम्मेदार प्रशासनिक पद पर बैठे अधिकारी द्वारा इस प्रकार की कथित टिप्पणी करना न केवल प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों, बल्कि पूरी शिक्षक बिरादरी का अपमान है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशिक्षण का बहिष्कार कर एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी
घटना के बाद प्रशिक्षण स्थल पर शिक्षकों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज शिक्षकों ने प्रशिक्षण रोक दिया और एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। शिक्षकों ने कहा कि सरकारी कार्यों में लगातार सहयोग करने के बावजूद उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शिक्षक प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
देर रात दामोदर स्वरूप पार्क में धरना, निलंबन की मांग
आंवला में विरोध प्रदर्शन के बाद शिक्षक बरेली पहुंचे और देर रात दामोदर स्वरूप पार्क में धरने पर बैठ गए। शिक्षकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पूरे मामले की शिकायत की और एसडीएम सुशील मिश्रा के निलंबन की मांग की। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी कि जब तक संबंधित अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करता, तब तक जिले के शिक्षक जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे।
एसडीएम का पक्ष नहीं आया सामने
मामले में एसडीएम सुशील मिश्रा का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में उन पर लगे आरोपों को लेकर उनकी प्रतिक्रिया सामने नहीं आ सकी है। फिलहाल शिक्षकों के विरोध और जनगणना कार्य के बहिष्कार की चेतावनी से मामला गरमा गया है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।