google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyमृतका का फाइल फोटो।

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पीपलसाना चौधरी गांव में शुक्रवार सुबह एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। छह महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए। वहीं, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या के बजाय हत्या बताया है।

मृतका के ससुर परमानंद के मुताबिक, वह रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। घर के निचले कमरे में उनकी बहू अनुराधा अकेली सो रही थी, जबकि वह अपनी नेत्रहीन पत्नी और 18 वर्षीय बेटी के साथ छत पर बने कमरे में सो रहे थे। टहलकर लौटने के बाद जब अनुराधा काफी देर तक नहीं उठी, तो उसकी सास उसे देखने कमरे में पहुंचीं। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। सास ने बिस्तर के पास हाथ से टटोला तो अनुराधा खड़ी अवस्था में निष्प्राण मिली। उनकी पुकार सुनकर ससुर कमरे में पहुंचे तो अनुराधा को साड़ी के फंदे से लटका देखकर घबरा गए। परिजनों ने हंसिए से फंदा काटकर शव को नीचे उतारा और पुलिस के साथ मायके वालों को सूचना दी।

छह महीने पहले हुई थी शादी, पति दिल्ली में

अनुराधा मूल रूप से सीबीगंज क्षेत्र के दौली मुरूपुरा की रहने वाली थी। उसकी शादी छह महीने पहले पीपलसाना चौधरी निवासी अमन साहू से हुई थी। अमन पिछले 15 दिनों से दिल्ली में रहकर सब्जी बेचने का काम कर रहा है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। ससुर परमानंद के अनुसार, घटना से एक दिन पहले अनुराधा ने उन्हें बताया था कि कोई अज्ञात व्यक्ति फोन पर मैसेज भेजकर उसे लगातार परेशान कर रहा है। हालांकि, मैसेज भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और इस मामले का घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर सकती है।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनुराधा की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया और हत्या की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट और सीओ हाईवे देवेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *