गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जल्द ही बड़ा औद्योगिक निवेश उतरने जा रहा है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) क्षेत्र में करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक एविएशन फ्यूल प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के जरिए पूर्वांचल में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने के साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
धुरियापार में बनेगा आधुनिक बायोफ्यूल कॉम्प्लेक्स
जानकारी के मुताबिक श्रेयस ग्रुप ऑफ कंपनीज धुरियापार क्षेत्र में एकीकृत बायोफ्यूल एवं ब्रुअरी कॉम्प्लेक्स स्थापित करेगी। GIDA प्रशासन ने परियोजना के लिए जमीन आवंटित कर दी है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। यह प्लांट शुरू होने के बाद गोरखपुर में तैयार होने वाला एविएशन फ्यूल देशभर के विमानों तक पहुंचाया जाएगा। इससे प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाएगा।
हर दिन 750 किलोलीटर होगा उत्पादन
प्रस्तावित प्लांट में प्रतिदिन करीब 750 किलोलीटर एथेनॉल और एविएशन फ्यूल का उत्पादन किया जाएगा। परियोजना में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा यहां माल्ट व्हिस्की और बियर उत्पादन की यूनिट भी स्थापित की जाएगी। औद्योगिक मॉडल के तहत एक ही परिसर में ईंधन उत्पादन, ऊर्जा निर्माण और पेय पदार्थ निर्माण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
35 मेगावाट का पावर प्लांट भी बनेगा
परियोजना के तहत 20 लाख पेटी वार्षिक क्षमता वाली ब्रुअरी यूनिट, प्रतिदिन 20 किलोलीटर क्षमता का माल्ट प्लांट और 35 मेगावाट क्षमता का को-जनरेशन पावर प्लांट भी लगाया जाएगा। इससे क्षेत्र में बिजली उत्पादन और औद्योगिक गतिविधियों को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, बढ़ेगा निवेश
स्थानीय प्रशासन का मानना है कि एविएशन फ्यूल प्लांट बनने से गोरखपुर और आसपास के जिलों में बड़े स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। इसके साथ ही परिवहन, लॉजिस्टिक्स और छोटे उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। पूर्वांचल में इसे औद्योगिक क्रांति की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।