बरेली। दिव्यांगजनों की समस्याओं और रोजगार की मांगों को लेकर भारतीय दिव्यांग सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचकर अपनी आवाज उठाई। समिति ने दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, आवास, स्कूटी, दुकानें और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की अपील की गई।
पात्र दिव्यांगों को मिले अंत्योदय और आयुष्मान कार्ड
भारतीय दिव्यांग सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शकील ने मांग की कि जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों के अंत्योदय कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही जरूरतमंद दिव्यांगों को आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
सांसद और विधायक निधि से स्कूटी देने की मांग
समिति ने दिव्यांगजनों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए सांसद और विधायक निधि से स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा गया कि वहां विधायकों की निधि से दिव्यांगों को स्कूटी वितरित की जाती हैं। इसी तरह बरेली में भी दिव्यांगजनों को स्कूटी दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों से पहल कराने की अपील की गई।
मंडी और नगर निकायों की दुकानों में आरक्षण मिले
समिति ने जिले की सब्जी मंडी, फल मंडी और राशन मंडी में मौजूद दुकानों के आवंटन में दिव्यांगजनों को चार प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। इसके अलावा नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की दुकानों के आवंटन में भी दिव्यांगों को आरक्षण के आधार पर दुकानें उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
चाय की दुकान लगाने की अनुमति और नौकरी की मांग
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तहसील, ब्लॉक, थाना और अस्पतालों में चाय की दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की गई। समिति का कहना है कि इससे दिव्यांगजन अपना रोजगार शुरू कर सकेंगे और परिवार का खर्च चलाने में सक्षम बनेंगे।
योग्यता के अनुसार दी जाएं नौकरियां
इसके साथ ही स्नातक तक पढ़ाई करने वाले शिक्षित दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने की मांग भी उठाई गई। समिति ने जिलाधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।