बरेली। शाही थाना क्षेत्र में 9 साल की मासूम बच्ची से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। आरोप है कि उसने दुकान के पास खड़ी बच्ची को बंद कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की और दुष्कर्म की कोशिश की।
मामला शाही थाना क्षेत्र का है। कस्बे के मोहल्ला आजादनगर में रहने वाला साबिर उर्फ सोनू इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को 9 साल की बच्ची उसकी दुकान के पास खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान साबिर बच्ची को बंद कमरे में ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
मां ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद बच्ची की मां ने शाही थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। महिला ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी साबिर उर्फ सोनू पुत्र निसार अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। आरोपी की उम्र करीब 26 साल है। मंगलवार को शाही थाना पुलिस ने आरोपी साबिर उर्फ सोनू को ग्राम लमकन की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
जांच में बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं
पुलिस ने शुरुआत में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 76 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 62, 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 9/10 भी बढ़ाई गई हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक शिवानी चौधरी, हेड कांस्टेबल हरिओम और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी मीरगंज की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।