बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार की सोमवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर खाना खाते समय वह बेहोश हो गए। इससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें आनन-फानन में गांधी उद्यान के पास स्थित गंगाचरण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उन्हें होश आ गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
खाना खाते समय अचानक हुए बेहोश
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार अपने सिविल लाइंस स्थित आवास पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। उनकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल उन्हें गंगाचरण अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, जिसके बाद उन्हें होश आ गया।
आईसीयू में रखा गया, चिकित्सकों की निगरानी जारी
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राज्यमंत्री को एहतियात के तौर पर आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सक लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। राज्यमंत्री के प्रतिनिधि शुभम मेहरोत्रा ने बताया कि डॉ. अरुण कुमार सोमवार सुबह जल्दी उठ गए थे। रात में उन्हें कमजोरी महसूस हुई, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया। अब उनकी हालत ठीक है।
भाई एडवोकेट अनिल कुमार सक्सेना ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार के भाई एडवोकेट अनिल कुमार सक्सेना ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब डॉ. अरुण कुमार का स्वास्थ्य ठीक है। उपचार के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ है। फिलहाल चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। राज्यमंत्री की अचानक तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद उनके शुभचिंतकों में चिंता देखी गई। हालांकि, स्वास्थ्य में सुधार और हालत स्थिर होने की जानकारी मिलने से परिजनों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है।