बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर में दबंगों ने 23 बीघा जमीन पर कब्जा करने की नीयत से मिट्टी डाल दी। जमीन मालिक देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने विरोध किया तो उन्हें और उनके बेटे को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि 10 अक्टूबर को थाना दिवस पर लेखपाल की मौजूदगी में जमीन पर कोई काम न करने का समझौता हुआ था, लेकिन उसी शाम उसे तोड़ दिया गया। पीड़ित ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित ने 1990 में खरीदी थी जमीन
देवेंद्र कुमार अग्रवाल निवासी कालीबाड़ी के मुताबिक, मोहनपुर में प्लॉट नंबर 126 पर करीब 23 बीघा जमीन है। उनके परिवार ने 8 अप्रैल 1990 को यह जमीन चार अलग-अलग नामों से खरीदी थी। उनका कहना है कि जमीन की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज में परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज हैं। इसके बावजूद कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं रुके
पीड़ित ने मोहम्मद मियां कुरैशी उर्फ पप्पू कुरैशी, मोहम्मद आजम और फहीम कुरैशी समेत अन्य लोगों पर जमीन पर मिट्टी डालने का आरोप लगाया है। देवेंद्र के मुताबिक, उन्होंने पहले भी इसका विरोध किया था। इसके बाद 3 अक्टूबर को नकटिया चौकी पर लिखित शिकायत दी गई, लेकिन विवाद नहीं थमा।
थाना दिवस पर समझौता, शाम को तोड़ दिया
जमीन के विवाद को लेकर 10 अक्टूबर को थाना दिवस पर लेखपाल की मौजूदगी में समझौता हुआ था। पीड़ित के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति बनी थी कि न तो प्लॉट बेचा जाएगा और न ही वहां कोई काम कराया जाएगा। आरोप है कि समझौते के कुछ घंटे बाद ही उसी शाम जमीन पर मिट्टी डाल दी गई।
विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
देवेंद्र अग्रवाल का आरोप है कि उन्होंने और उनके बेटे ने मिट्टी डालने का विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया। पीड़ित ने 18 अक्टूबर को कैंट थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।