बरेली। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व जिला मंत्री डॉ. मीनाक्षी गंगवार को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। डॉ. मीनाक्षी गंगवार पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी करा चुकी हैं।
नवाबगंज निवासी डॉ. मीनाक्षी गंगवार लंबे समय से भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं। वह इससे पहले भाजपा की जिला कार्यकारिणी में जिला मंत्री के पद पर रह चुकी हैं। पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. मीनाक्षी गंगवार के पति डॉ. आशुतोष गंगवार भी राजनीति में सक्रिय हैं। वह नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में डॉ. मीनाक्षी को महिला मोर्चा की कमान मिलने से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
महिलाओं को संगठन से जोड़ना पहली प्राथमिकता : मीनाक्षी
महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी गंगवार ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी। जिले में महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को भाजपा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और महिलाओं की संगठन में भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।