बदायूं। फर्जी बैनामा तैयार कर जमीन हड़पने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में खुसरो डिग्री कॉलेज के प्रबंधक शेर अली जाफरी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कूटरचित खतौनी और दस्तावेज तैयार कर उसकी जमीन का बैनामा दूसरे व्यक्ति के नाम करा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैनामा कराने का आरोप
साउथ दिल्ली के छतरपुर एक्सटेंशन निवासी जितेंद्र सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सरौरी में उनकी जमीन है। उन्होंने यह जमीन शहंशाह अब्बास आदि से खरीदी थी। जमीन का दाखिल-खारिज भी तहसीलदार न्यायालय से हो चुका है। आरोप है कि खुसरो डिग्री कॉलेज के प्रबंधक शेर अली जाफरी निवासी शास्त्रीनगर, बरेली ने उनकी जमीन का फर्जी बैनामा करा लिया। पीड़ित के मुताबिक, उपसंचालक चकबंदी बरेली कैंप बदायूं के 15 जुलाई 2015 के आदेश में जमीन से खुसरो डिग्री कॉलेज का नाम निरस्त हो चुका था। इसके बावजूद 18 अक्टूबर 2025 को निबंधक कार्यालय में कूटरचित खतौनी और अन्य दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा दूसरे व्यक्ति के पक्ष में करा दिया गया। आरोप है कि शेर अली जाफरी ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए खुद को जमीन का मालिक दर्शाया।
मारपीट और जान से मारने की धमकी का भी आरोप
पीड़ित ने जमीन हड़पने के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने खुसरो डिग्री कॉलेज के प्रबंधक शेर अली जाफरी, वैभव अग्रवाल, संचित अग्रवाल, ऋषिपाल, जैनी, कल्पना मेमोरियल ट्रस्ट और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों और जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।