बरेली। मुथूट माइक्रोफिन कंपनी में एरिया मैनेजर ने ग्राहकों की लोन की किस्तों में लाखों रुपये का खेल कर दिया। आरोप है कि उसने 38 ग्राहकों से लोन की किस्तें जमा करने और खाते बंद कराने के नाम पर करीब 6.96 लाख रुपये वसूले, लेकिन कंपनी में सिर्फ 1.64 लाख रुपये ही जमा किए। बाकी 5.31 लाख रुपये अपने खर्चों में उड़ा दिए। मामला सामने आने पर कंपनी ने मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी नेपाल सिंह को मुरादाबाद में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड के डिविजनल मैनेजर सोनू कुमार ने 24 जून 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र के दोलारी गांव निवासी नेपाल सिंह कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए तीन नवंबर 2024 से पांच जनवरी 2026 के बीच 38 ग्राहकों के 40 लोन खातों से किस्तें जमा करने और लोन बंद कराने के नाम पर कुल 6,95,960 रुपये प्राप्त किए। इसमें से केवल 1,64,223 रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा किए गए, जबकि शेष 5,31,737 रुपये जमा नहीं किए गए। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अपने खर्चों में इस्तेमाल कर ली ग्राहकों की रकम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी नेपाल सिंह ने बताया कि उसका काम ग्राहकों से लोन की किस्तें लेकर कंपनी के खाते में जमा करना था। उसने अपने खर्च चलाने के लिए ग्राहकों से वसूली गई रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की।
मुरादाबाद में घर से दबोचा आरोपी
कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात करीब आठ बजे आरोपी नेपाल सिंह (25) को मुरादाबाद के दोलारी गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवम गौतम, उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर और हेड कांस्टेबल परवेंद्र सिंह शामिल रहे।