बरेली। दशहरे पर घर से निकलने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। 20 अक्टूबर को रावण दहन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सुबह सात बजे से शहर के कई रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। वहीं, मेले में भीड़ बढ़ी तो ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के पहिए भी कई रास्तों पर थम जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचाने के लिए नया रूट प्लान जारी किया है। ऐसे में बिना रास्तों की जानकारी किए घर से निकलना आपको परेशानी में डाल सकता है।
एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने बताया दशहरे पर सबसे बड़ा बदलाव भारी वाहनों के लिए किया गया है। परसाखेड़ा रोड नंबर एक, बिलवा, बिलयधाम, लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, सैटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से शहर की ओर भारी वाहन नहीं आ सकेंगे। यह रोक 20 अक्टूबर की सुबह सात बजे से मेला खत्म होने तक रहेगी। ऐसे में इन रास्तों से शहर में आने वाले ट्रक और दूसरे भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से गुजरना होगा।
दिल्ली, रामपुर और नैनीताल से आ रहे हैं तो जान लें रास्ता
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर एक तक आ-जा सकेंगे। इसके अलावा बड़ा बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंच सकेंगे। वहीं, इन शहरों से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा, बिलवा, बिलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होकर गुजरना होगा। वापसी के लिए भी यही रास्ता रहेगा।
बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को लगाना होगा चक्कर
बदायूं जाने वाले भारी वाहन भी सीधे पुराने रास्तों से नहीं निकल सकेंगे। दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ से होकर बदायूं जाना होगा। वहीं, बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से होकर निकाला जाएगा। वापसी में भी यही रास्ता अपनाना होगा।
कुदेशिया, अलखनाथ और कोहाड़ापीर की तरफ भी बढ़ेगी सख्ती
दशहरा मेले में भीड़ बढ़ने पर शहर के अंदर भी कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। इज्जतनगर तिराहा से कुदेशिया फाटक, अशोक नगर तिराहा से कुदेशिया अंडरपास, किला क्रॉसिंग से अलखनाथ मंदिर और सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर की ओर चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। हालांकि, इन रास्तों पर रोक भीड़ बढ़ने की स्थिति में ही लगाई जाएगी।
श्यामगंज से कालीबाड़ी और चौपला से नॉवेल्टी तक भी नो एंट्री
भीड़ बढ़ने पर मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर मठ की चौकी और श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी की ओर भी चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नॉवेल्टी की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी इन वाहनों की एंट्री रोक दी जाएगी। ऐसे में दशहरे का मेला देखने जाने वालों को रास्ते में परेशानी से बचने के लिए पहले ही अपना रूट तय करना होगा।
एसपी ट्रैफिक बोले- जाम से बचना है तो पहले देख लें रूट
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान के मुताबिक, दशहरे पर शहर और देहात से बड़ी संख्या में लोग रावण दहन और मेला देखने पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। 20 अक्टूबर की सुबह सात बजे से मेला समाप्त होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जाम और परेशानी से बचने के लिए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक ही सफर करें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।