google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyपप्पू गिरधारी और मंत्री रेखा आर्या।

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक हाईप्रोफाइल पारिवारिक विवाद ने हलचल मचा दी है। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून की कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। मंत्री ने पति पर धोखाधड़ी कर शादी करने, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी और बच्चों की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले में सामने आई एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग ने विवाद को और गंभीर बना दिया है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति गिरधारी लाल साहू ने पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर उनसे विवाह किया था। जब उन्हें पहली शादी की जानकारी हुई और उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मंत्री ने वीडियो जारी कर अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न का खुलासा किया है। रेखा आर्य का यह भी आरोप है कि उनके पति ने सरकारी आवास पर कर्मचारियों की मौजूदगी में उनके खिलाफ अपमानजनक जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। लगातार मिल रही धमकियों और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

रेखा सिर्फ तीन-चार महीने की मंत्री है, कथित ऑडियो से मचा हड़कंप

इस पूरे विवाद में एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसका जिक्र मंत्री ने अपनी शिकायत में किया है। ऑडियो में कथित तौर पर गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत में मंत्री रेखा आर्य से हिस्से और बंटवारे को लेकर विवाद होने की बात कही जा रही है। ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है, उससे मेरा हिस्सा और बंटवारा हो रहा है। दस्तखत हो जाएंगे, फिर तुम देखना। हमारा हिसाब-किताब हो तो हम मोर्चा लेंगे। बातचीत में आगे रेखा आर्य को लेकर कहा गया है कि वह पूरी जिंदगी मंत्री नहीं रहेंगी, बल्कि सिर्फ तीन-चार महीने की मंत्री हैं। ऑडियो में 25 लाख रुपये देने, मुकदमा दर्ज कराने और हिसाब-किताब पूरा होने के बाद मोर्चा खोलने जैसी बातें भी सुनाई देने का दावा किया गया है। इस रिकॉर्डिंग के सामने आने के बाद मंत्री ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें की गई बातचीत की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा, एससी-एसटी एक्ट भी शामिल

मंत्री की शिकायत पर देहरादून की कैंट कोतवाली में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुकदमे में विभिन्न कानूनों की 10 धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट की तीन धाराओं का भी उल्लेख है। मामला प्रदेश की एक मौजूदा कैबिनेट मंत्री से जुड़ा होने के कारण पुलिस भी गंभीरता से जांच में जुटी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी।

विवाद के बीच बिगड़ी मंत्री की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और पूरे घटनाक्रम के बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें देहरादून के डालनवाला स्थित कृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि अस्पताल लाए जाने के समय उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल खुद अस्पताल पहुंचे और मंत्री का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। एसएसपी के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती कराए जाने के समय मंत्री का रक्तचाप बढ़ा हुआ था, लेकिन उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

एसएसपी बोले- मामला गंभीर, हर आरोप और साक्ष्य की होगी जांच

एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री की ओर से कैंट थाने में शिकायत दी गई है। मामला बेहद गंभीर है और इससे जुड़े सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाकर जांच की जाएगी। पुलिस कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी पड़ताल करेगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कैबिनेट मंत्री के अपने ही पति के खिलाफ पुलिस के पास पहुंचने और गंभीर आरोप लगाने से उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। जांच से ही स्पष्ट होगा कि मंत्री की शिकायत में लगाए गए आरोपों और कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की वास्तविकता क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *