बरेली। पत्नी को मायके से विदा कराकर घर लाने पहुंचे युवक की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। बदायूं निवासी सचिन का शव पेड़ पर लटका मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी काजल, साले राकेश और बहनोई ओमपाल पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि सचिन को साजिश के तहत बहनोई के घर बुलाया गया, जहां शराब पिलाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसके बाद उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया। मृतक के भाई ने आंवला पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव पडौआ निवासी अर्जुन ने बताया कि उसका भाई सचिन 9 अक्टूबर को अपनी पत्नी काजल को लेने बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव खेलम स्थित ससुराल आया था। काजल पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी। आरोप है कि 11 अक्टूबर को काजल ने सचिन को बहला-फुसलाकर आंवला कस्बे के मोहल्ला विलायतगंज स्थित अपने बहनोई ओमपाल के घर पहुंचा दिया। इसके बाद काजल ने अपने भाई राकेश को भी फोन कर बरेली से बुला लिया।
ताई को किया फोन, साले ने छीन लिया मोबाइल
परिजनों के मुताबिक, 11 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे सचिन ने अपनी ताई को फोन किया था। इसी दौरान उसके साले राकेश ने मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि इसके बाद सचिन को शराब पिलाई गई और नशे की हालत में पत्नी काजल, साले राकेश और बहनोई ओमपाल ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उसे सड़क पर धक्का देकर गिराया और मारपीट की। इसके बाद सचिन से परिवार का संपर्क टूट गया। 12 अक्टूबर की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सचिन की सास ने उसके मामा को फोन कर पूछा कि सचिन घर पहुंच गया है या नहीं। मामा ने उसके घर नहीं पहुंचने की बात कही। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। सचिन का मोबाइल भी संपर्क में नहीं आने से परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।
सचिन के साथ जो करना था कर दिया, परिजनों को दी धमकी
13 अक्टूबर को सचिन का भाई अर्जुन अपने रिश्तेदारों के साथ उसकी तलाश में आंवला के विलायतगंज स्थित ओमपाल के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद ससुराल पक्ष के लोगों ने सचिन के बारे में बताने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने धमकाते हुए कहा, ‘सचिन के साथ जो करना था, कर दिया। अब तुमसे जो हो सके कर लो।’ इसके साथ ही दोबारा वहां आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। सचिन का शव पेड़ पर लटका मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि सचिन की हत्या करने के बाद शव को पेड़ पर लटकाया गया। उनका कहना है कि पूरी वारदात को सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। मृतक के भाई अर्जुन ने पत्नी काजल, साले राकेश और बहनोई ओमपाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।