google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0

पीलीभीत। अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के विवाद ने सोमवार रात खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से 14 वर्षीय किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद कस्बे में तनाव फैल गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।

मेला कमेटी को लेकर चल रहा था विवाद

अमरिया कस्बे के निवासी नरेश गुप्ता और कौशल गुप्ता के पक्ष के बीच रामलीला मेला कमेटी को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ने पर एक पक्ष की ओर से रायफल से फायरिंग शुरू कर दी गई। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सिर में गोली लगने से किशोर की मौत

फायरिंग में नरेश गुप्ता के बेटे अंकित गुप्ता (29), उनके बड़े बेटे मोहित गुप्ता (31), प्रदीप गुप्ता के बेटे रोष गुप्ता (22) और गुड्डू श्रीवास्तव के बेटे कुनाल श्रीवास्तव (14) को गोली लग गई। कुनाल घटना के समय वहां टहल रहा था। इसी दौरान वह गोली लगने से घायल हो गया। सिर में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल पहुंचते ही दो को मृत घोषित किया

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कुनाल श्रीवास्तव और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। इस तरह घटना में तीन लोगों की जान चली गई।

तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

तीन मौतों के बाद अमरिया कस्बे में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर और जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस घटना से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है और फायरिंग के कारणों की जांच कर रही है।

एएसपी का बयान

एएसपी हिमांशु गौरव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *