google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSअवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।

बरेली। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीबीगंज थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर की रात सीबीगंज पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बरेली-रामपुर रोड स्थित बिजली घर के पास बने छप्पर के नीचे दबिश दी। पुलिस ने परसाखेड़ा चौकी क्षेत्र से अमित पुत्र सुरेश वाल्मीकि (32 वर्ष) निवासी एस-3, आशरा आवास कॉलोनी, हैदराबाद उर्फ खड़ौआ, थाना सीबीगंज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सीबीगंज में मुकदमा संख्या 412/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में थाना बारादरी में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी वर्ष सीबीगंज थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2025 में सीबीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। ताजा गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों की संख्या चार हो गई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में ये रहे शामिल

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विनोद सिंह, उपनिरीक्षक पवन कृष्ण, कांस्टेबल शांति स्वरूप और कांस्टेबल सुशांत चौधरी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *